अमिताभ बच्चन की रील लाइफ बहू बनकर इस एक्ट्रेस ने खूब खाईं गालियां, साउथ में चला करियर

अमिताभ बच्चन की रील लाइफ बहू बनकर इस एक्ट्रेस ने खूब खाईं गालियां, साउथ में चला करियर

 

‘ये तेरी आंखें झुकी- झुकी, ये तेरा चेहरा खिला खिला’, ये गाना तो आपको याद ही होगा? क्या आपको याद है कि इस गाने में कौन एक्ट्रेस थी? भले ही आपको उनका नाम याद न हो लेकिन उनका चेहरा तो किसी के लिए भी भूलने लायक नहीं है. घुंघराले बाल, बड़ी- बड़ी आंखें, लंबी हाइट और परफेक्ट फिगर वाली ये एक्ट्रेस हैं सुमन रंगनाथन. सुमन ने मॉडलिंग से करियर की शुरुआत की, इसके बाद वो कन्नड़ फिल्मों में नजर आईं और कम ही समय में उन्होंने बॉलीवुड में भी दमदार शुरुआत की. लेकिन अब कहां हैं सुमन?

मॉडलिंग से एक्टिंग तक का सफर
1974 में कर्नाटक के एक छोटे से गांव में जन्मीं सुमन रंगनाथन ने अपने स्कूल के समय में ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख दिया था. ये रास्ता उनके लिए आसान भी था और वो इसमें सफल भी रहीं. इसी के बाद सुमन ने 1989 में कन्नड़ फिल्म ‘सीबीआई शंकर’ से कन्नड़ सिनेमा डेब्यू किया. इसके बाद वो तमिल, तेलुगू और मलयालम सिनेमा में भी कई सालों तक काम करती रहीं. करीब सात सालों तक उन्होंने साउथ इंडियन इंडस्ट्री में ही काम किया. इसके बाद उन्होंने 1996 में ‘फरेब’ फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया. यहां से शुरू हुआ उनका बॉलीवुड फिल्मों का सफर.

नहीं अपना पाया बॉलीवुड
‘फरेब’ फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने के बाद सुमन ने कई और फिल्मों में काम किया. उनके काम को पसंद किया जाता था और उनकी खूबसूरती भी उस दौर की बड़ी से बड़ी एक्ट्रेस से कम नहीं थी. लेकिन फिर भी कई फिल्मों में काम करने के बाद भी सुमन कुछ ही समय में बॉलीवुड में लीड से हटकर सेकंड लीड किरदार निभाने लगीं. कभी वो शाहरुख की बहन बनीं तो कभी ऐश्वर्या की राइवल, इतना ही नहीं एक समय में तो उन्हें केवल आइटम नंबर्स ही मिल रहे थे. इस बेहतरीन एक्ट्रेस को बॉलीवुड अपना नहीं पाया और केवल सेकंड लीड तक ही सीमित कर दिया.

अमिताभ की बहू बनकर खाईं खूब गालियां
सुमन रंगनाथन ने वैसे तो बहुत सारी फिल्में की हैं लेकिन लोगों को वो केवल 2003 की फिल्म ‘बागबान’ में अमिताभ बच्चन की बहू के किरदार में ही याद हैं. इस किरदार के लिए सुमन ने दर्शकों की खूब गालियां भी खाई हैं. हालांकि सुमन की पहचान केवल एक फिल्म ही नहीं हो सकती, इसके बाद भी उन्होंने कुछ फिल्मों में काम तो किया, लेकिन लीड रोल ना मिल पाने के कारण उन्होंने इंडस्ट्री से थोड़ा ब्रेक लिया और दोबारा साउथ की तरफ ही रुख मोड़ लिया.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *